नई दिल्ली, 07 सितंबर (लोक पक्ष )। भारतीय नौसेना के युद्धक पोत आईएनएस तबर ने मिस्र के नौसेना के युद्धक पोत के साथ भूमध्यसागर में सैन्य अभ्यास किया। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया गया। उन्होंने बताया कि रविवार को आयोजित अभ्यास में कई गतिविधियां शामिल थीं जिसमें नौसेना के कई तरह के अभियानों का अभ्यास किया गया। भारतीय नौसेना के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘अभ्यास में अलग-अलग तरह के खतरे के माहौल, समुद्र के अंदर संदिग्ध पोत को पकड़ने का अभियान, संचार प्रक्रिया, समुद्री क्षेत्र में संयुक्त विकास जैसे अभियान शामिल थे।’’ अधिकारी ने बताया कि अभ्यास की मुख्य विशेषता एक-दूसरे के पोत पर ‘हेलो ऑपरेशन’ चलाया जाना था। अधिकारी ने कहा कि अभ्यास दोनों नौसेना के बीच परस्पर अभियान को बढ़ावा देने के मामले में महत्वपूर्ण है।

Previous Post Next Post